लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समरसता और सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश
देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में ककोड़ मंडल से शुरू हुई यात्रा; भगवान देवनारायण मंदिर में कलश की विधिवत पूजा-अर्चना
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प अभियान–कलश वंदन रथ यात्रा’ का देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में शुभारंभ किया गया। ककोड़ मंडल से शुरू हुई रथ यात्रा का शुभारंभ भगवान देवनारायण जी के मंदिर से हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मंगल कलश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद संत गुरु रविदास जी महाराज के समरसता, समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
गुरु रविदास के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
आयोजकों ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को समता, सामाजिक सद्भाव, मानवता और सेवा का अमूल्य संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकता और भाईचारे की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास जी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए सामाजिक समरसता, समान अवसर और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पदाधिकारी और गणमान्यजन रहे मौजूद
कलश वंदन रथ यात्रा के शुभारंभ अवसर पर ककोड़ मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, कचरावता प्रशासक दिलीप सिंह, समाजसेवी शेरसिंह सोलंकी, प्रधान गुर्जर, राजूलाल धाकड़, युवा मोर्चा अध्यक्ष आशाराम धाकड़, रामखिलाड़ी मीणा, लक्ष्मीनारायण मीणा, देशराज गुर्जर, सुरजीत चौधरी, सोजीलाल गुर्जर, विष्णु जांगिड़, रामभरोस महावर और देवलाल गुर्जर सहित भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
यात्रा के माध्यम से संत गुरु रविदास जी महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।




















































