लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़)। जैन सोशल ग्रुप शाखा चौमहला की महत्वपूर्ण बैठक जैन अतिथि गृह में राष्ट्रीय संरक्षक हंसराज जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गौतम जैन एवं दिलीप जैन की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से विमल कटारिया को जैन सोशल ग्रुप शाखा चौमहला का नया अध्यक्ष चुना गया। निर्वाचन के बाद उपस्थित सदस्यों ने माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। 
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष राजेश जैन ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संगठन द्वारा संचालित सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग और विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विमल कटारिया ने सभी सदस्यों का धन्यवाद देते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए सभी को साथ लेकर समाजहित के कार्यों को नई गति देंगे। उन्होंने सामाजिक एकता, सेवा और संगठन की सक्रियता को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं जनसेवा के लिए समर्पित बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर अशोक भंडारी, संदीप जैन, ज्ञानचंद जैन, राजेश नाहर, राजेश जैन, विनोद जैन, देवेंद्र जैन, प्रकाश कोठारी, सुरदर्शन मेहता, अशोक जैन, महेश जैन सहित बड़ी संख्या में जैन सोशल ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।












































