लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डग से सत्यापन कर लौट रहे थे दादी-पोता, उपचार के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
झालावाड़/उन्हेल: झालावाड़ जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर पर बाइक फिसलने से एक वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कछनारा गांव के पास हुआ, जब महिला अपने पोते के साथ डग से गांव लौट रही थी।
पुलिस के अनुसार, कुमठिया गांव निवासी भूर कंवर (64) अपने पोते के साथ डग पंचायत समिति में सत्यापन कार्य करवाने गई थीं। लौटते समय कछनारा गांव के समीप स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में भूर कंवर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल महिला को पहले डग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें झालावाड़ रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजन महिला के शव को चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां उन्हेल थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामला जांच में लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।


















































