लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कोटा | (रितु मेहरा)
कोटा/जयपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास का हाईवे है, जो पिछड़े क्षेत्रों में रोजगार, उद्योग और निवेश के नए अवसर पैदा करेगा। उन्होंने कहा कि परियोजना का 75 से 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और अगले दो वर्षों में दिल्ली से मुंबई तक सड़क यात्रा लगभग 12 घंटे में संभव हो जाएगी।
गडकरी बुधवार को कोटा के गोपालपुरा-मंडाना में आयोजित आमसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कोटा और हाड़ौती क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की घोषणा की।
कोटा को मिली कई बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात
केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि एनएच-52 से मुकुंदरा वाइल्डलाइफ सेंचुरी को बाईपास करते हुए 8-लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए करीब 550 करोड़ रुपये की लागत से लिंक रोड बनाया जाएगा।
इसके अलावा बालपुरा के रास्ते कोटा को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 21 किलोमीटर लंबा चार लेन ग्रीनफील्ड संपर्क मार्ग बनाया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं का कार्य अगले तीन माह में शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भवानीमंडी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है।
चंबल एक्सप्रेसवे अब होगा ‘अटल एक्सप्रेसवे’
गडकरी ने कोटा से इटावा तक चंबल नदी के समानांतर बनने वाले प्रस्तावित एक्सप्रेसवे का नाम ‘अटल एक्सप्रेसवे’ रखने की घोषणा की। लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को समर्पित होगी।
राजस्थान के विकास में धन की नहीं होगी कमी
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान तेज़ी से विकास कर रहा है और केंद्र सरकार राज्य के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में विकास परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विश्वस्तरीय सड़क, परिवहन और आधारभूत ढांचे का निर्माण किया जा रहा है।
सड़क विकास में नया इतिहास: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देश में सड़क अवसंरचना विकास का नया इतिहास लिखा गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और भारतमाला परियोजना राजस्थान के विकास को नई गति देंगी।
उन्होंने कहा कि मुकुंदरा टनल परियोजना आधुनिक भारतीय इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट उदाहरण है। साथ ही कोटा (डीसीएम रोड) से उम्मेदगंज तक चार लेन स्पर एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में कोटा जिले के लिए लगभग 5 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए हैं।
देश की लाइफलाइन बनेगा एक्सप्रेसवे: ओम बिरला
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हाईवे और सड़कों का मजबूत नेटवर्क तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे आने वाले समय में देश की लाइफलाइन साबित होगा और इससे क्षेत्र के लोगों के जीवन में समृद्धि आएगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए प्रभावी योजनाओं पर काम कर रही है। यमुना जल समझौता और राम जल सेतु परियोजना राजस्थान को जल सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
प्रदर्शनी का किया अवलोकन
इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने सड़क मार्ग से एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया और बूंदी के लबान इंटरचेंज पहुंचे। यहां उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई धान, सैंड स्टोन और राजीविका की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, सहकारिता राज्य मंत्री गौतम कुमार, विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, डॉ. सुरेश धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


















































