लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा । श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज को श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा द्वारा महामंडलेश्वर की उपाधि मिलने की खुशी में मंदिर परिवार और भक्तों ने सोमवार को एक लग्जरी फॉर्च्यूनर कार भेंट की।
हाथीभाटा आश्रम में आयोजित समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महंत संतदासजी महाराज के सानिध्य में मुख्य भेंटकर्ता हेमन्तपुरी गोस्वामी और महावीर सोमानी ने वाहन की चाबी महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज को समर्पित की। वाहन का पूजन वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पंडित अशोक व्यास और पंडित देवेन्द्र शास्त्री ने संपन्न कराया।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बताया कि बाबूगिरी महाराज को गत 13 अप्रैल को भीलवाड़ा में आयोजित प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के दौरान श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, मायापुर-हरिद्वार के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रविन्द्रपुरी महाराज सहित अनेक संतों की उपस्थिति में महामंडलेश्वर पद पर पट्टाभिषेक किया गया था। इसके बाद मंदिर परिवार और भक्तों ने उन्हें सम्मान स्वरूप लग्जरी वाहन भेंट करने का निर्णय लिया। 
समारोह में श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान पुजारी मुरारी पांडे, ओम पाराशर, ट्रस्ट पदाधिकारी महावीर अग्रवाल, रमेश बंसल, सांवरमल बंसल, समाजसेवी गजानंद बजाज, राधेश्याम सोमानी, सुनील जागेटिया, पीयूष डाड, सत्येन्द्र बिरला, रजनीकांत आचार्य, बद्रीलाल सोमानी, रामेश्वरलाल ईनाणी, राजेश कुदाल, ललित सोमानी, अलका जोशी, राजेश तिवारी, शिव समदानी, सांवरनाथ कारोई सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज ने सभी भक्तों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया और आशीर्वाद प्रदान करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा भेंट किए गए इस वाहन का उपयोग धर्म प्रचार, जनसेवा और मानव कल्याण के कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और सेवा के कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
समारोह के दौरान ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’, ‘जय श्रीराम’ और ‘श्री संकटमोचन हनुमान जी महाराज की जय’ के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा।












































