लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। प्रदीप कुमार डागा।
नागौर की नागीणा नगरी में शुक्रवार सुबह जैन साध्वियों का भव्य मंगल प्रवेश श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। गुड़ामालानी उद्घारिका एवं विचक्षणमणि गुरुमाँ सुरंजनाश्रीजी म.सा. की सुशिष्याएँ साध्वीवर्या सिद्धांजनाश्रीजी म.सा., मुक्तांजनाश्रीजी म.सा., सुरक्षांजनाश्रीजी म.सा., सौम्यांजनाश्रीजी म.सा., चित्तलेहांजनाश्रीजी म.सा. एवं चित्तक्खरांजनाश्रीजी म.सा. सहित ठाणा-5 का नगर प्रवेश सुबह 8 बजे हुआ।
रेखावत रेजीडेंसी (गहलोत गैस के सामने) से गाजे-बाजे के साथ निकला मंगल प्रवेश वरघोड़ा नया दरवाजा, बांगाणियों की गली, गणेश चौक, लोहिया का चौक, लोढ़ा का चौक, डागा वाड़ी और काली पोल होते हुए कनक आराधना भवन पहुंचा।
मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह अक्षत (चावल) से गवली बनाकर जैन साध्वियों का भावभीना स्वागत किया। विचक्षण महिला मंडल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि संगीता चौरड़िया ने “गुरुवर्या आए हैं…” भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद आयोजित धर्मसभा में खरतरगच्छ की पूज्य साध्वियों ने धर्म, संयम और सदाचार का संदेश देते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी।
संघ के प्रदीप कुमार डागा ने बताया कि साध्वीवर्या चित्तलेहांजनाश्रीजी म.सा. एवं चित्तक्खरांजनाश्रीजी म.सा. के लोढ़ा की पोल स्थित सांसारिक निवास पर परिवारजनों ने सभी जैन साध्वियों को शॉल (कांबली) ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं अल्पाहार का लाभ मूलचंदसा, प्रकाशचंदसा-चिकादेवी तथा पुनीत-धनश्री बछावत (नागौर-अहमदाबाद) परिवार ने प्राप्त किया।
उन्होंने बताया कि पूज्य साध्वी मंडल का वर्ष 2026 का चातुर्मास बीकानेर में संपन्न होगा। इस अवसर पर श्वेताम्बर जैन समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चों ने उपस्थित होकर मंगल प्रवेश का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन चिराग खजांची ने किया।

















































