लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छात्र नेताओं ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, 450 से अधिक विद्यार्थियों का भविष्य अधर में
नागौर/मकराना। (प्रदीप कुमार डागा) राजकीय महाविद्यालय मकराना की नियमित कक्षाएं एवं शैक्षणिक गतिविधियां शीघ्र प्रारंभ करवाने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर छात्र नेताओं और विद्यार्थियों ने मंगलवार को प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि राजकीय महाविद्यालय मकराना लंबे समय से अपने स्थायी भवन एवं भूमि से वंचित है। पूर्व में महाविद्यालय एक सरकारी विद्यालय के चार कमरों में संचालित हो रहा था, लेकिन वर्ष 2025 के अंत में हुई भारी बारिश के बाद सुरक्षा कारणों से वहां से कॉलेज को हटाना पड़ा, जिससे नियमित शिक्षण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
विद्यार्थियों ने बताया कि इसके बाद करीब छह माह तक महाविद्यालय बंद रहा। बाद में विद्यार्थियों को मंगलाना महाविद्यालय में अध्ययन के लिए भेजा गया, जो मकराना से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित है। इससे छात्रों को प्रतिदिन आने-जाने में करीब 100 रुपये तक अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है, जो ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
छात्रों ने बताया कि बाद में बोरावड़ क्षेत्र में महाविद्यालय संचालित करने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वहां भी अभी तक नियमित कक्षाएं शुरू नहीं हो पाई हैं। कॉलेज बंद रहने और शैक्षणिक सत्र प्रभावित होने के कारण 450 से अधिक पुराने एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से विद्यार्थियों ने मांग की कि महाविद्यालय में जल्द से जल्द नियमित कक्षाएं प्रारंभ की जाएं तथा विद्यार्थियों के हित में स्थायी और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीण एवं गरीब वर्ग के छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता से समाधान करने की भी मांग की।
इस दौरान युवा कांग्रेस मकराना के ब्लॉक अध्यक्ष पद के उम्मीदवार एवं छात्र नेता फैजान चौहान, एनएसयूआई जिला महासचिव (डीडवाना-कुचामन) मोहसिन खान खिलजी, फरहीन खान, मोहम्मद आसिफ, जितेंद्र लड़ना, नरपत, कमल मेघवाल, समीर खान, आवेश रजा, जुनैद खान, साहिल खान, आमिर खान, सुरेश कुमार, धर्मेंद्र, पूनमचंद, कबीर खान, ललित, मोहम्मद रमजान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




















































