लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/मकराना (प्रदीप कुमार डागा): मकराना रेलवे स्टेशन पर उत्तर पश्चिम रेलवे, जोधपुर मंडल में कार्यरत मुख्य टिकट निरीक्षक मुजम्मिल कुरैशी के हज यात्रा पर रवाना होने के अवसर पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में शुभचिंतकों और रेल कर्मियों ने उन्हें फूलमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से विदाई दी।
मुजम्मिल कुरैशी जोधपुर से मंडोर सुपरफास्ट ट्रेन के माध्यम से दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां से वे पवित्र हज यात्रा के लिए प्रस्थान करेंगे।
जैसे ही ट्रेन मकराना स्टेशन पहुंची, रेलवे एटीएम मशीन के फैसिलिटेटर गुमान सिंह, अकलियत जमाअत के सचिव आबिद शेख और समाजसेवी लियाकत अली के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने उनका स्वागत किया।
विदाई के इस भावुक अवसर पर उपस्थित लोगों ने कुरैशी की सुखद, सफल और मंगलमय यात्रा की कामना की। साथ ही उनसे अनुरोध किया गया कि वे मक्का-मदीना की पवित्र धरती पर देश और प्रदेश में अमन, चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ करें।
स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों ने कहा कि हज यात्रा हर मुस्लिम के लिए एक पवित्र सपना होती है और कुरैशी का इस यात्रा पर जाना पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।
इस दौरान स्टेशन पर आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अंत में मुजम्मिल कुरैशी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए हज यात्रा के लिए प्रस्थान किया।












































