लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर शहर में मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज के 10 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए पहली बार बॉक्स क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना रहा।
समाज के युवा दीपक सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 8 टीमों ने भाग लिया, जो नॉकआउट आधार पर खेली गई। यह आयोजन मुंडवा चौराहा स्थित “दा बॉक्स” मैदान में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में हनुमान बाग टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि तिगरी बाजार टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज जैसे पुरस्कार भी प्रदान किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागी बच्चों को भी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
जीतू डांवर ने जानकारी दी कि इस आयोजन में समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भविष्य में बड़े स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर दिया जाएगा।
इस दौरान कमेंट्री की जिम्मेदारी राकेश ने संभाली, जिन्होंने पूरे मैच को रोमांचक बना दिया।






















































