लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर
सिरोही। सिरोही जिले के स्वरूपगंज कस्बे में स्थित भगवती भारत गैस एजेंसी के बाहर मंगलवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सुबह से ही उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर पहुंचने लगे थे। बावजूद इसके उन्हें देर शाम तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। तेज गर्मी के बीच घंटों लाइन में खड़े रहने से कई लोगों की हालत भी खराब हो गई।
महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। धूप में खड़े रहने के कारण लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी पर पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और गैस वितरण प्रक्रिया को सुचारु बनाने की मांग की है। वहीं प्रशासन द्वारा जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया गया है।





















































