लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सड़क, अंडरपास और ड्रेनेज कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
जयपुर। उद्योग मंत्री एवं झोटवाड़ा विधायक राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने झोटवाड़ा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर नगर निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की।
बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय प्राथमिकता और आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
मंत्री ने सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। अंडरपास निर्माण कार्यों में तेजी लाने, सेक्टर रोड पर ट्रैफिक बाधाओं को दूर करने तथा बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर विशेष जोर दिया गया।
ड्रेनेज और सीवरेज समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि जहां जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कों को बार-बार नुकसान पहुंचता है, वहां पहले स्थायी ड्रेनेज समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मानसून से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूरे करने पर बल दिया, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
राठौड़ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग जमीनी स्तर पर प्रभावी परिणाम दें और प्राथमिकता वाले कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि झोटवाड़ा के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


















































