लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, झालावाड़ के विकास कार्यों का किया ज़िक्र
झालावाड़। सांसद दुष्यंत सिंह ने बुधवार से रायपुर क्षेत्र में अपनी तीन दिवसीय जन संवाद पदयात्रा की शुरुआत की। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इससे पहले राजे और दुष्यंत ने माथनिया पंचायत के नकलंग गांव स्थित महादेव मंदिर में देव दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान सांसद ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संकल्प जताया।
राजे ने की चुटकी, कोलाना एयरपोर्ट का जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने हाल ही में योग गुरु रामदेव और बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के कोलाना हवाई पट्टी पहुंचने को लेकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि दोनों हवाई पट्टी पर उतरे थे, क्योंकि हाड़ौती में झालावाड़ के अलावा कोई जगह नहीं मिली। उन्होंने कहा, “झालावाड़ में कोलाना एयरपोर्ट बना है। ऐसे में लोगों का आशीर्वाद हमें मिलता ही रहेगा, हो सकता है आने वाले दिनों में यहां कोई रुक जाए। यहां आपको प्रवचन देने पड़ेंगे।”
राजनीति और सामाजिक जीवन में मर्यादा बनाए रखना जरूरी
राजे ने कहा कि राजनीति और सामाजिक जीवन में मर्यादा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने 35 साल पहले के अनुभव साझा किए और भैंरोसिंह शेखावत को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा जिलेवासियों का सुख-दुख बांटते रहे। तब क्षेत्र का विकास कम था, सड़कों पर गड्ढे थे और वह मारुति 800 कार से यात्रा करती थीं। बड़े गड्ढों या नालियों के सामने कार को दूसरी तरफ ले जाकर आगे बढ़ती थीं।
राजे ने बताया कि पूर्व में जिले की जानकारी जुटाने के लिए उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति से संपर्क किया था। तब उन्हें कहा गया कि झालावाड़ कोटा के पास है, लेकिन आज लोग कोटा को झालावाड़ के पास बताते हैं।
सांसद क्षेत्र में जनसमस्याओं से रूबरू
दुष्यंत सिंह अपनी पदयात्रा के दौरान क्षेत्रवासियों की जनसमस्याओं से रूबरू होंगे और उनका निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। पदयात्रा के दौरान सांसद गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जब वह झालावाड़ से चौमहला जाती थीं, तो दूरी तय करना काफी समय लेता था, लेकिन आज वही दूरी कुछ ही घंटों में पूरी हो जाती है।

















































