लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रूपाखेड़ा टोल प्लाजा पर रक्तदान की मिसाल
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा मिशन के तहत संयुक्त रक्तदान शिविर का आयोजन
राजसमंद। (गौतम शर्मा)
राजसमंद जिले के रूपाखेड़ा टोल प्लाजा परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा मिशन के अंतर्गत टोल प्रशासन एवं कुंवारिया पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिसकर्मियों और टोल कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 21 यूनिट रक्तदान कर मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।
रक्तदान शिविर का आयोजन थानाधिकारी सीआई रामचन्द्र कुमावत के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, राजसमंद शाखा के मानद सचिव ब्रज लाल कुमावत, दीप चन्द्र गाडरी तथा ब्लड सेंटर नाथद्वारा की डॉ. दीक्षा शिविर स्थल पर उपस्थित रहीं। रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं की बीपी, शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई।
रक्तदान को बताया महापुण्य कार्य
सीआई रामचन्द्र कुमावत ने रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा पुण्य कार्य है, जिससे जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान मिलता है। उन्होंने सभी से समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में हेडकांस्टेबल सुरेश चन्द्र वर्मा, कांस्टेबल पिंकेश कुमार, महिला कांस्टेबल रानी सहित टोल कार्मिक हिम्मत कीर, तसमीन खान, मुकेश कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने रक्तदान किया। 
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान टोल मैनेजर राकेश कुमार दायमा सहित टोल प्लाजा के अन्य कार्मिक भी उपस्थित रहे।










































