लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सेमारी। सलुम्बर जिले के सेमारी नगर में 77वां गणतंत्र दिवस उपखण्ड स्तरीय समारोह के रूप में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें नगर के समस्त सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह में उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात स्कूली बालक-बालिकाओं ने पीटी परेड एवं विभिन्न योगासन प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राष्ट्र निर्माताओं पर आधारित कविताएं, देशभक्ति गीत, संगीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान भामाशाहों द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों को पारितोषिक एवं उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
उपखण्ड स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले करीब 50 अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय संगठनों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।

















































