लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छात्राओं को आत्मविश्वास और सुरक्षा के व्यावहारिक कौशल मिले
नागौर | रियांबड़ी
राजकीय महाविद्यालय, रियांबड़ी में रानी लक्ष्मीबाई केंद्र के अंतर्गत आयोजित 24 दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को विधिवत समापन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक कौशल, मानसिक सशक्तिकरण एवं आत्मविश्वास प्रदान करना रहा।
समापन अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलवीर सेन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रत्येक छात्रा के लिए अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा न केवल शारीरिक सुरक्षा का माध्यम है, बल्कि यह छात्राओं को मानसिक रूप से भी मजबूत बनाती है।
आत्मरक्षा से बढ़ता है आत्मविश्वास
डॉ. सेन ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाते हैं और विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा करने का साहस प्रदान करते हैं। उन्होंने छात्राओं से आग्रह किया कि वे प्रशिक्षण में सीखे गए कौशलों को अपने दैनिक जीवन में भी अपनाएं।
छात्राओं को वितरित किए गए प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के समापन पर प्रशिक्षण में भाग लेने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। छात्राओं ने प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्राप्त अनुभव साझा करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।

















































