लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भारी मात्रा में केमिकल व उपकरण जब्त, आरोपी फरार
मिश्रोली, झालावाड़
झालावाड़। झालावाड़ जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम देते हुए भवानीमंडी वृत के आमलिया खेड़ा क्षेत्र में पशुबाड़े की आड़ में संचालित हो रही अवैध एमडीएम (MDM) ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में मादक पदार्थ, खतरनाक रसायन और ड्रग्स निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए गए हैं।
यह बड़ी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस की दबिश के बाद मौके से आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भवानीमंडी और मिश्रोली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आमलिया खेड़ा क्षेत्र में दबिश दी। जांच में सामने आया कि निर्जन इलाके में स्थित एक पशुओं के बाड़े को कवर बनाकर लंबे समय से मादक पदार्थ निर्माण का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था, ताकि किसी को शक न हो।
इस पूरे ऑपरेशन को एसपी अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंजाम दिया गया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी प्रेमकुमार (RPS) के निकट सुपरविजन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने आमलिया खेड़ा स्थित गोपालसिंह की टापरी पर छापा मारा। मौके पर पहुंचते ही पुलिस अधिकारी भी दृश्य देखकर हैरान रह गए। वहां बड़ी संख्या में एमडीएम पाउडर निर्माण में उपयोग होने वाली भट्ठियां, मशीनें, केमिकल और अन्य घातक रसायन मौजूद थे, जो बड़े पैमाने पर ड्रग्स निर्माण की ओर इशारा करते हैं।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी गोपालसिंह, दिनेशसिंह और नरेंद्रसिंह मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने फैक्ट्री से बरामद सभी सामग्री को जब्त कर लिया है और आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का मानना है कि इस अवैध फैक्ट्री का संबंध अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से हो सकता है। मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने का दावा पुलिस ने किया है।















































