लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बांसवाड़ा जिले के युवाओं से संवाद
वागड़ की धरती की असली ताकत हैं युवा
सरकार ने युवाओं को दिए रोजगार व स्वरोजगार के भरपूर अवसर
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वागड़ की धरती की असली ताकत यहां के युवा हैं और विकसित राजस्थान के निर्माण में उनकी भूमिका सबसे अहम है। राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस नीतियों और निर्णयों के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर बांसवाड़ा जिले के युवाओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने आगामी पांच वर्षों में 4 लाख सरकारी नौकरियां और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में अब तक 1 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
पेपरलीक पर सख्ती, भर्ती कैलेंडर नियमित
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ, जो सरकार की पारदर्शी व्यवस्था का प्रमाण है। साथ ही सरकार ने हर वर्ष भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी करने की परंपरा शुरू की है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 1 लाख सरकारी पदों की भर्ती का कैलेंडर जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 2 लाख युवाओं को इंटर्नशिप दी जा चुकी है तथा मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत 4 लाख से अधिक युवाओं को 1150 करोड़ रुपये का भत्ता प्रदान किया गया है।
निवेश से बढ़े रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन के लिए राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया गया, जिसके तहत हुए एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू पर ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। इससे युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। युवाओं के लिए नई युवा नीति भी लागू की गई है, जिससे स्टार्टअप्स और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
बांसवाड़ा के विकास पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांसवाड़ा और डूंगरपुर को प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर काम हो रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों के विकास, आधारभूत संरचना, शिक्षा और कृषि क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने का लक्ष्य रखा गया है और वर्तमान में 22 जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही पेयजल परियोजनाओं पर भी निरंतर कार्य जारी है। किसानों को बीज मिनीकिट, उर्वरक और कृषि योजनाओं का पूरा लाभ दिया जा रहा है।
युवाओं से नवाचार अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के मंत्र पर चलते हुए डबल इंजन सरकार विकसित राजस्थान की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से नवाचार अपनाकर बांसवाड़ा को मॉडल जिला बनाने का आह्वान किया।
युवाओं ने जताया आभार
संवाद के दौरान युवाओं ने पेपरलीक पर रोक, 1 लाख से अधिक नियुक्तियां देने और नवीन भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। युवाओं ने शिक्षा, कृषि, उद्योग, आदिवासी कल्याण, सहकारिता और धार्मिक पर्यटन से जुड़े सुझाव भी दिए। इस अवसर पर बेणेश्वर धाम और आसपास के क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की पीपीटी भी प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर पूर्व सांसद धन सिंह रावत, मान शंकर निनामा सहित बड़ी संख्या में बांसवाड़ा जिले के युवा उपस्थित रहे।


















































