लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। जिले के दूनी कस्बे में विकास समिति के तत्वावधान में पोस्टकार्ड महाअभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य कस्बे की तीन प्रमुख जनहितकारी मांगों — उपखंड अधिकारी कार्यालय, पंचायत समिति कार्यालय और दूनी अस्पताल में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना — को आगामी बजट वर्ष 2026–27 में शामिल करवाना है।
विकास समिति के अविनाश पारीक ने बताया कि अभियान के अंतर्गत समिति के सदस्य मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और वित्त मंत्री को 500 से अधिक पोस्टकार्ड लिखकर भेज रहे हैं। इसके साथ ही, दुनी के मुख्य बाजार के व्यापारी, विद्यार्थी और वरिष्ठ समाजसेवी भी पोस्टकार्ड लिखकर जनसमर्थन में योगदान दे रहे हैं।
समिति के प्रयासों में यह भी शामिल है कि राजस्थान सरकार द्वारा आगामी बजट के लिए आमंत्रित ऑनलाइन सुझावों को ई-मेल के माध्यम से भेजा जा रहा है, ताकि दूनी की जनहितकारी मांगें शासन तक प्रभावी रूप से पहुँच सकें।
अविनाश पारीक ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य स्थानीय जनता को सीधे शासन तक अपनी आवाज़ पहुँचाने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि विकास योजनाओं में दूनी की प्राथमिकताएं सुनिश्चित की जा सकें।











































