लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
75 का मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयन
चौमहला, झालावाड़। झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में जैन सोशल ग्रुप एवं मुरलीधर कृपा हॉस्पिटल, मक्सी के संयुक्त तत्वावधान में स्व. लीलाबाई नाथूलाल जी ओसवाल की पुण्य स्मृति में मंगलवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 300 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनमें से 75 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
शिविर का शुभारंभ भगवान पार्श्वनाथ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार बाघेला रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. रमेश खटीक, डॉ. रेखा वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक गायरी, उन्हेल मंडल अध्यक्ष हेमराज सिंह तथा व्यापार संघ अध्यक्ष मनोहरलाल ओसवाल उपस्थित रहे।
शिविर में मुरलीधर कृपा हॉस्पिटल, मक्सी के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय पटेल, डॉ. गुरमीत सिंह एवं उनकी टीम द्वारा मरीजों की आंखों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। मोतियाबिंद से पीड़ित 75 मरीजों का चयन किया गया, जिनके ऑपरेशन मुरलीधर कृपा हॉस्पिटल, मक्सी में पूर्णतः निःशुल्क किए जाएंगे। मरीजों के आने-जाने की व्यवस्था भी निःशुल्क रखी गई। इसके अलावा शिविर में रियायती दरों पर चश्मे भी बनाए गए।
इस अवसर पर जैन सोशल ग्रुप राजस्थान रीजन के चेयरमैन गौतम जैन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हंसराज जैन, नगर अध्यक्ष राजेश जैन, राजेश राज, धर्मेंद्र जैन, विनोद जैन, कुमोद शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, बुद्धिभल्लभ सारडा, प्रकाश कोठारी, ज्ञानचंद जैन, सुदर्शन मेहता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ओसवाल दाल मिल परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अध्यापक प्रमोद जैन ने किया। आयोजकों ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सेवाभावी लोगों का आभार व्यक्त किया।











































