लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रेल कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर एकजुटता का आह्वान
जोधपुर से रिपोर्टर बृजकिशोर पारीक
जोधपुर। नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलॉईज यूनियन, जोधपुर मण्डल की मण्डल परिषद बैठक का आयोजन 26 दिसंबर 2025 को किया गया। बैठक का शुभारंभ विजया व्यास द्वारा गणेश वंदना के साथ गणेश प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
बैठक के दौरान मण्डल सचिव, मण्डल अध्यक्ष एवं मण्डल कोषाध्यक्ष का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया। मण्डल सचिव कॉ. मनोज कुमार परिहार ने बैठक को संबोधित करते हुए हाल ही में लखनऊ में आयोजित ऑल इंडिया रेलवे मैन्स फेडरेशन के 101वें वार्षिक अधिवेशन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में रेल कर्मचारियों के हित में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें कर्मचारियों के माता-पिता को भी पास एवं चिकित्सा सुविधा में शामिल करने की मांग प्रमुख रही।
कॉ. परिहार ने संगठन के इतिहास एवं कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों से संगठित रहकर अपनी जायज मांगों के लिए सतत संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों में रेलवे में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को 31 दिसंबर 2025 से पूर्व भरा जाना, रेलवे में निजीकरण पर रोक, सभी जगह सी-रोस्टर लागू करना, ट्रैक मेंटेनरों की पेट्रोलिंग सीमा 10–12 किलोमीटर से अधिक न रखना, आठवें वेतन आयोग को 1 जनवरी 2026 से लागू करना, यूपीएस में सुधार कर ओपीएस के समान लाभ प्रदान करना तथा ट्रैक मेंटेनरों को ग्रेड पे 4600 तक पदोन्नति का मार्ग खोलना शामिल है।
इस अवसर पर सुश्री प्रियंका यादव के ट्रैक मेंटेनर पद से आरपीएफ में चयनित होने पर मण्डल सचिव एवं महिला विंग द्वारा माला व साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
सभा की अध्यक्षता करते हुए कॉ. महेन्द्र व्यास ने कर्मचारियों में संगठन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाकर कर्मचारियों की मांगों को प्रभावी रूप से मनवाया जा सके।
बैठक में कॉ. जसबीर सिंह चौधरी, मदनलाल बैरवा, जितेन्द्र ढाका, सुनील टाक, बन्ने सिंह, आशा खीची, अशोक सिंह मेडतिया, शरद जोशी, गजेन्द्र सिंह सियाग, अनूप त्रिवेदी सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सभा का संचालन कॉ. परमानन्द गुर्जर ने किया।
बैठक में मण्डल की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी, परिषद सदस्य एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारे लगाए।













































