लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर/अजमेर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से सुफी संत हज़रत ख्वाजा मोईनूद्दीन चिश्ती (रह.) के 814वें उर्स मुबारक पर अजमेर शरीफ दरगाह के लिए चादर पेश की गई। इसे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने दरगाह में प्रस्तुत किया।
प्रतिनिधि मंडल ने बुलंद दरवाजे से मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया। जियारत और चादर पेश का कार्य सैयद अफसान चिश्ती ने संपन्न कराया। इस अवसर पर राजस्थान में अमन और भाईचारे की दुआ की गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हज़रत ख्वाजा मोईनूद्दीन चिश्ती ने समाज के कमजोर, गरीब और बेसहारा लोगों की खिदमत करने और आपसी भाईचारे को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने ख्वाजा साहब से प्रदेश की तरक्की और खुशहाली की कामना की और सभी जायरीन तथा प्रदेशवासियों को उर्स की मुबारकबाद दी।
इस अवसर पर अजमेर शहर जिला अध्यक्ष सफीक पठान ने प्रतिनिधि मंडल का सर्किट हाउस पर स्वागत किया। कार्यक्रम में मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एम सादिक खान, प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी, अन्य पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













































