लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुख-शांति एवं विश्व कल्याण की कामना के साथ संपन्न हुआ अनुष्ठान
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
हमीरगढ़ रोड स्थित शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल राम धाम में सोमवार को सुख-शांति और विश्व कल्याण की मंगलकामना के लिए भव्य दुग्धाभिषेक अनुष्ठान संपन्न हुआ। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रों की मधुर ध्वनि गूंजती रही और वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
मुख्य यजमान पंडित रमाकांत शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी और पुत्र के साथ विधि-विधानपूर्वक शिवालय में भगवान भोलेनाथ का दुग्धाभिषेक किया। इस अवसर पर भगवान शिव का मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रुद्राभिषेक कार्यक्रम पांच विद्वान पंडितों के समूह द्वारा मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। अनुष्ठान को सफल बनाने में पंडित सुशील शुक्ला, पंडित कमल, पंडित प्रेम शंकर सहित अन्य विद्वानों का विशेष सहयोग रहा।
राम धाम के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने बताया कि यह अनुष्ठान न केवल शहर की खुशहाली बल्कि समस्त विश्व में शांति और कल्याण की भावना से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन ने क्षेत्र में एक सकारात्मक और आध्यात्मिक वातावरण स्थापित कर दिया तथा राम धाम की धार्मिक महत्ता को और अधिक प्रखर बना दिया।
