लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कार्यकाल बताया विफल, कांग्रेस-भाजपा में मिलीभगत का आरोप; पंचायत चुनाव में RLP प्रत्याशियों के समर्थन की अपील
नागौर/बाड़मेर (प्रदीप कुमार डागा)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल को विफल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध चरम पर हैं और सरकार का प्रशासनिक तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है। बेनीवाल ने कांग्रेस और भाजपा के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए RLP को तीसरा मजबूत राजनीतिक विकल्प बताया।
पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर रविवार को बाड़मेर जिले के दौरे पर पहुंचे बेनीवाल ने बाटाडू, घोनरी नाडी और सनावड़ा (दुगेरों का तला) में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए चुनाव लड़ रहे RLP प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करते हुए मतदाताओं से पार्टी के चुनाव चिह्न बोतल पर मतदान करने की अपील की।
रामदेवरा की जन्मस्थली पर की पूजा-अर्चना
जनसभाओं से पहले सांसद हनुमान बेनीवाल ने उंडू काश्मीर स्थित रामदेरिया मंदिर में लोक देवता बाबा रामदेव जी की जन्मस्थली पर दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश में सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की। इसके बाद उन्होंने विभिन्न गांवों में जनसभाओं के जरिए पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
‘प्रदेश में भय का माहौल, अपराध पर नियंत्रण नहीं’
जनसभाओं को संबोधित करते हुए बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में भय का माहौल है और अपराधों को लेकर आमजन चिंतित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अधिकारी सरकार चला रहे हैं और प्रशासनिक व्यवस्था पर मुख्यमंत्री का प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आता। उनके मुताबिक, सरकार की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और आमजन को राहत देने की है, लेकिन भाजपा सरकार इन मोर्चों पर अपेक्षित परिणाम देने में विफल रही है।
बेनीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल को निराशाजनक बताते हुए कहा कि जनता ने सुशासन और बेहतर प्रशासन की उम्मीद के साथ भाजपा को सत्ता सौंपी थी, लेकिन लोगों की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र की कार्यप्रणाली के कारण आमजन की समस्याओं का समाधान होने के बजाय उनकी परेशानियां बढ़ रही हैं।
कांग्रेस-भाजपा की मिलीभगत का आरोप, RLP को बताया विकल्प
RLP प्रमुख ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा के बीच मिलीभगत है तथा प्रदेश को ऐसी राजनीतिक ताकत की जरूरत है, जो जनहित के मुद्दों पर मजबूती से संघर्ष करे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी किसानों, युवाओं, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाती रही है। पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि व्यवस्था में बदलाव लाना और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना है।
पंचायत चुनाव में बोतल के निशान पर वोट देने की अपील
बेनीवाल ने मतदाताओं से जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में RLP प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। इन संस्थाओं में ऐसे प्रतिनिधि चुने जाने चाहिए, जो जनता के बीच रहकर गांवों की समस्याओं को उठाएं और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करें।
उन्होंने ग्रामीण मतदाताओं से पार्टी के चुनाव चिह्न बोतल पर मतदान कर RLP को मजबूत बनाने की अपील की।
कार्यक्रमों में बाड़मेर जिला प्रभारी एवं खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, कमालुद्दीन खलीफा, गजेंद्र चौधरी और अशोक गोदारा सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।