लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। शहर के जन-जन की आस्था के केंद्र राम रघुनाथ मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और माता जानकी के विवाह उत्सव विवाह पंचमी का पर्व बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह प्रातःकालीन आरती के साथ पर्व की शुरुआत हुई। भगवान रघुनाथ जी और माता जानकी का विशेष श्रृंगार कर मंगला आरती संपन्न की गई।
राम रघुनाथ मंदिर समिति के रमेश जांगिड़ ने बताया कि प्रातःपूजन के लिए पहुंची महिला भक्तों ने भगवान की परिक्रमा की और मंगल गीतों की प्रस्तुति दी। महिला मंडल द्वारा भगवान श्रीराम–जानकी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान को भोग अर्पित किया। संध्याकालीन आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पंडित अमित भारद्वाज ने बताया कि मार्गशीर्ष मास की पंचमी को भगवान श्रीराम और जानकी जी का दिव्य विवाह हुआ था, तभी से यह पर्व ‘विवाह पंचमी’ के रूप में मनाया जाता है। उसी अवसर पर लक्ष्मण–उर्मिला, भरत–मांडवी और शत्रुघ्न–श्रुतकीर्ति के विवाह भी सम्पन्न हुए थे। तत्पश्चात महाराज दशरथ चारों बहुओं को आनंदपूर्वक अयोध्या लेकर गए।
मंदिर में दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। संध्या आरती के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
राम रघुनाथ मंदिर के हेमराज मंगल ने बताया कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के 673 दिन बाद 161 फीट ऊँचे शिखर पर 2 किलो की केसरिया ध्वजा फहराने पर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे।
