लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) राजस्थान में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस मुख्यालय का विशेष अभियान लगातार जारी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान की निगरानी महानिदेशक पुलिस यातायात अनिल पालीवाल और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा कर रहे हैं।
डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने बताया कि 4 जून से 18 जून 2026 तक के 15 दिनों में राजस्थान पुलिस ने कुल 1,24,384 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए चालान बनाए हैं। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म के खिलाफ की गई, जिनमें 46,958 चालान किए गए।
इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 31,961, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 17,209, वाहनों की बॉडी एवं चेसिस में अवैध परिवर्तन के 12,232, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 9,271 तथा प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के 6,753 मामलों में कार्रवाई की गई।
गुरुवार को भी प्रदेशभर में विशेष अभियान के तहत 7,447 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 2,577 मामलों में ब्लैक फिल्म, 1,813 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,173 मामलों में अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 849 मामलों में वाहन संरचना में अवैध परिवर्तन, 603 मामलों में लाल-नीली बत्ती एवं हूटर तथा 432 मामलों में प्रेशर एवं एयर हॉर्न के खिलाफ चालान किए गए।
जिलावार कार्रवाई में दौसा 553 मामलों के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद जयपुर पश्चिम में 534, अजमेर में 492, जयपुर यातायात में 369, जयपुर ग्रामीण में 353, चित्तौड़गढ़ में 347 तथा बांसवाड़ा में 303 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई।
डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा वाहनों में ब्लैक फिल्म, अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग न करें, ताकि सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।