Home latest कुएं में मिला 9 वर्षीय बालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या...

कुएं में मिला 9 वर्षीय बालक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

भरतपुर। जिले के सेवर थाना क्षेत्र के गांव मलहा में 9 वर्षीय बालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार गांव मलहा निवासी रविकांत का पुत्र गुड्डू गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और ग्रामीणों को भी इसकी सूचना दी। बच्चे के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद गांव के करीब 250 से 300 लोग उसकी खोज में जुट गए।

तलाश के दौरान ग्रामीण जंगल क्षेत्र में स्थित एक कुएं तक पहुंचे, जहां बच्चे का शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता रविकांत ने बताया कि उनका बेटा घर से करीब 3 किलोमीटर दूर स्थित कुएं तक स्वयं कैसे पहुंचा, यह समझ से परे है। उन्होंने आशंका जताई कि कोई व्यक्ति बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया होगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

सेवर थाना के एएसआई अवधेश ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है तथा संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version