लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक निधि में 40% कमीशन का स्टिंग: लोकतंत्र पर गहरा सवाल
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए उच्चस्तरीय जांच के आदेश, तीन विधायकों की निधि फ्रीज
जयपुर। राजस्थान में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास (MLA LAD) निधि में कथित भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। प्रदेश के एक प्रमुख समाचार पत्र द्वारा किए गए स्टिंग ऑपरेशन में यह खुलासा हुआ है कि विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों के बदले 30 से 40 प्रतिशत तक कमीशन की मांग की जा रही है।
स्टिंग में खींवसर से भाजपा विधायक रेवंतराम डांगा, हिंडौन से कांग्रेस विधायक अनीता जाटव तथा बयाना से निर्दलीय विधायक रितु बनावत के नाम सामने आए हैं। स्टिंग के अनुसार, विधायक रेवंतराम डांगा ने कथित तौर पर कहा कि यदि 50 लाख रुपए का काम है तो 40 प्रतिशत कमीशन देना होगा, साथ ही “अधिकारियों को भी खुश करना पड़ेगा”, जिससे स्पष्ट होता है कि रिश्वत का दायरा केवल जनप्रतिनिधियों तक सीमित नहीं है।
स्टिंग ऑपरेशन में रिपोर्टर ने स्वयं को खादी ग्रामोद्योग से जुड़ा बताते हुए कारपेट और दरी सप्लाई का कार्य दिलवाने की बात कही।
कांग्रेस विधायक अनीता जाटव से संपर्क करने पर उन्होंने पहले बजट नहीं होने की बात कही, लेकिन बाद में जयपुर में अपने करीबी पवन शर्मा के माध्यम से सौदा तय कराया गया। पवन शर्मा ने 30–35 प्रतिशत कमीशन की बात स्वीकार की और 40 प्रतिशत पर भी सहमति जताने की बात कही। आरोप है कि 50 हजार रुपए की एडवांस राशि ली गई तथा विधायक के हस्ताक्षरयुक्त 80 लाख रुपए के कार्य की अनुशंसा पत्र भी दिया गया।
