Home latest वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ का निधन,

जयपुर। वरिष्ठ पत्रकार नारायण बारेठ का लंबे समय से अस्वस्थ चलने के बाद निधन हो गया। उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। वे हम सबके आदर्श और मार्गदर्शक रहे, ऐसे बड़े भाई का जाना हमेशा खलता रहेगा।

नारायण बारेठ बीबीसी के राजस्थान ब्यूरो चीफ  रह चुके थे और अपनी निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। वे वाकपटु व्यक्तित्व के धनी थे तथा हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और राजस्थानी भाषाओं के विद्वान थे। उन्होंने कई पत्र-पत्रिकाओं में लेखन किया और उनकी कलम हमेशा गरीब, कमजोर, किसान और मजदूर जैसे उपेक्षित वर्गों की आवाज़ बनकर चलती रही।

अशोक गहलोत सरकार के दौरान उन्हें राजस्थान सूचना आयोग का अध्यक्ष भी बनाया गया। अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने कमजोर और आम लोगों को न्याय दिलाने की पूरी कोशिश की तथा सूचना नहीं देने वाले कई अधिकारियों पर पेनल्टी भी लगाई।

पत्रकारिता के क्षेत्र में नारायण बारेठ एक सम्मानित और बड़ा नाम थे। अपने पत्रकारिता जीवन के साथ-साथ उन्होंने कई शिक्षण संस्थानों में भी अध्यापन किया और हरदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय में भी सेवाएं दीं। उनका पूरा जीवन पत्रकारिता को समर्पित रहा और वे आज भी हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और सचिन पायलट समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

नारायण बारेठ पिंक सिटी प्रेस क्लब की स्थापना से जुड़े रहे और क्लब के सम्मानित सदस्य भी थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version