लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
विधानसभा अध्यक्ष ने अजमेर से रामेश्वरम तीर्थ जाने वाली विशेष ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
अजमेर, संवाददाता नितिन मेहरा।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना से प्रदेश में आध्यात्मिकता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज देश में सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयासों की आवश्यकता है और इस प्रकार की योजनाएं लोगों में संस्कृति के प्रति जागरूकता को मजबूत करेंगी।
अजमेर रेलवे स्टेशन से वरिष्ठ नागरिकों के लिए रामेश्वरम-मदुरई वाया भीलवाड़ा जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए देवनानी ने कहा कि देश में सभी उम्र वर्ग को आध्यात्मिक उन्नति के लिए सनातन संस्कृति से जुड़ना चाहिए। यह योजना इसी दिशा में एक सार्थक कदम है।
780 यात्री हुए रवाना
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त गिरीश कुमार बचानी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 के अंतर्गत गुरुवार को अजमेर से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष ट्रेन रवाना की गई। इस यात्रा में कुल 780 यात्री शामिल हैं, जिनमें अजमेर जिले के 424 और भीलवाड़ा जिले के 356 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं।
7 दिवसीय यात्रा, सभी सुविधाएं निःशुल्क
यह तीर्थ यात्रा 7 दिनों की होगी, जिसके दौरान यात्रियों को रामेश्वरम और मदुरई दर्शन कराए जाएंगे। ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित है और सभी व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग द्वारा आईआरसीटीसी के माध्यम से कराई गई हैं। यात्रियों को भोजन, आवास और अन्य सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।