लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (विनोद सेन)। आजाद नगर स्थित पीएफसी गार्डन में मानसिंहका परिवार का भव्य होली मिलन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें परिवार के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पारिवारिक एकता, सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक परंपराओं की मिसाल पेश की गई।
समारोह में सर्वसम्मति और भारी बहुमत से परिवार के वरिष्ठ सदस्य, प्रख्यात उद्योगपति और समाजसेवी महावीर प्रसाद मानसिंहका को “मानसिंहका रत्न” सम्मान से अलंकृत करने का निर्णय लिया गया। यह सम्मान उन्हें समाज सेवा में उनके उल्लेखनीय योगदान और देश-विदेश में मानसिंहका परिवार का गौरव बढ़ाने के लिए प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि सेठ मुरलीधर मानसिंहका चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से देश के विभिन्न तीर्थस्थलों जैसे उज्जैन, वृंदावन, बद्रीनाथ और सालासर बालाजी में धर्मशालाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे हजारों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलती है। हाल ही में पुष्कर स्थित ब्रह्मा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लिफ्ट निर्माण का कार्य भी ट्रस्ट द्वारा संपन्न कराया गया।
वृंदावन क्षेत्र में ट्रस्ट प्रतिदिन हजारों जरूरतमंदों को भोजन पैकेट वितरित करता है। सेवा और परोपकार के इन अनेक कार्यों के कारण महावीर प्रसाद मानसिंहका समाज में प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित हैं। 99 वर्ष की आयु में भी वे समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। इसके अलावा, देश के विभिन्न स्थानों पर उनके द्वारा स्थापित तेल मिलें उद्योग जगत में अपनी पहचान रखती हैं।
“मानसिंहका रत्न” सम्मान उन्हें आगामी 21 नवंबर को वृंदावन में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस भव्य कार्यक्रम में मथुरा की सांसद एवं प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।
परिवार के सदस्यों ने कहा कि महावीर प्रसाद मानसिंहका का जीवन सेवा, समर्पण और संस्कारों की अद्भुत मिसाल है और उनका सम्मान पूरे परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।