लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
तकनीकी कर्मचारियों पर बढ़ते दबाव को लेकर संघ सख्त, समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
झालावाड़ में अधीक्षण अभियंता को सौंपा ज्ञापन
झालावाड़।
राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन, झालावाड़ इकाई ने जिले में तैनात तकनीकी कर्मचारियों पर बढ़ते कार्यभार और फील्ड संसाधनों की कमी को लेकर गंभीर चिंता जताई है। मंगलवार को संघ प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि लंबे समय से कर्मचारियों पर अत्यधिक दबाव बनाकर काम करवाया जा रहा है, जबकि वास्तविक फील्ड चुनौतियों को अनदेखा किया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में तनाव, असंतोष और भय की स्थिति बढ़ती जा रही है।
संघ ने कहा कि राजस्व वसूली, डीएस/वेरिफिकेशन सहित कई कार्यों में बिना परिस्थितियों का आकलन किए सख्ती बरती जा रही है, जिसकी वजह से कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है। बार-बार अवगत कराने के बावजूद समाधान न मिलने से कर्मचारियों की परेशानियां बढ़ी हैं।
मुख्य मांगें, जिन्हें लेकर सौंपा गया ज्ञापन
-
खानपुर उपखंड के तकनीकी कर्मचारियों पर जारी की गई चार्जशीट तुरंत वापस ली जाए।
-
दीपावली ओवरटाइम भुगतान बिना देरी के जारी किया जाए।
-
फील्ड ड्यूटी के अनुरूप यात्रा भत्ता बिलों का नियमित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
-
इस वर्ष दीपावली पर सेफ्टी टूल्स वितरण नहीं हुआ—इन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
-
जीएसएस पर खराब लाइट और ब्रेकर बदले जाएं।
-
लंबित हाई ड्यूटी अलाउंस स्वीकृत किया जाए।
-
डीसीपीडीसी कार्य पूर्ण होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाए।
-
दो वर्षों से जिले की उत्कृष्ट रिकवरी में प्रथम स्थान के बावजूद तकनीकी कर्मचारियों को प्रोत्साहन नहीं मिला—इसे तुरंत जारी किया जाए।
-
1 से 10 तारीख तक बिलिंग कार्य करने वाले कर्मचारियों को डीसीपीडीसी के अतिरिक्त दबाव से राहत दी जाए।
-
संगठन को यूनियन कार्यालय उपलब्ध कराया जाए।

संघ की चेतावनी: “समाधान नहीं मिला तो करेंगे आंदोलन”
संघ ने चेतावनी दी कि तकनीकी कर्मचारी फील्ड में दिन-रात जोखिम उठाकर सेवाएं दे रहे हैं, ऐसे में उन पर निरंतर दबाव बनाना अनुचित है। यदि लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो एसोसिएशन आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपते समय जिला अध्यक्ष उपेंद्र पाल नवल मीणा सहित खानपुर, अकलेरा, मनोहरथाना, डग, चोमेला, पिड़ावा, सुनेल, बकानी, रटलाई व झालरापाटन क्षेत्र के तकनीकी कर्मचारी मौजूद रहे।