लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा | सत्यप्रकाश मयंक
उपखंड क्षेत्र के श्री दिगंबर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ सुथड़ा में जैन धर्म के दूसरे तीर्थंकर अजीतनाथ भगवान का ज्ञान कल्याणक महोत्सव मनाया गया।
प्रबंध समिति अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा और मनोज जैन ने बताया कि अजीतनाथ भगवान जैन धर्म के दूसरे तीर्थंकर थे। उन्होंने 30 वर्ष की आयु में संसार त्याग कर कठोर तपस्या की और केवलज्ञान प्राप्त किया। इसके बाद सम्मेद शिखर से मोक्ष प्राप्त कर जगत में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाष्टक से हुई और नित्य अभिषेक तथा शांति धारा के साथ देव शास्त्र पूजा संपन्न की गई। इसके बाद चौबीस भगवान की मूलनायक पूजा एवं अजीतनाथ भगवान की पूजा कर ज्ञान कल्याणक महोत्सव का आयोजन किया गया।
भक्तामर संयोजक हुक्मचंद जैन एवं चेतन जैन ने बताया कि शाम 6:30 बजे भक्तामर मंडल ककोड द्वारा दीपार्चना संपन्न कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
