लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे भीलवाड़ा, 10 अगस्त को गुरला बस स्टैंड पर होगा भव्य स्वागत; पंडित दिनेश तिवाड़ी के सानिध्य में होगा शिव महाभिषेक
गुरला/भीलवाड़ा। (सत्यनारायण सेन) सावन माह में भगवान शिव के प्रति आस्था और संकल्प की अनूठी मिसाल देखने को मिली है। गुरला निवासी अंशुल तिवाड़ी ने हरिद्वार से भीलवाड़ा तक करीब 800 किलोमीटर की पैदल कावड़ यात्रा पूरी की है। अंशुल ने कंधे पर कावड़ और हाथ में गंगाजल लेकर अपने मित्र ध्रुव दाधीच के साथ करीब 25 दिनों में यह कठिन यात्रा पूरी की।
हरिद्वार से शुरू हुई पैदल कावड़ यात्रा
अंशुल तिवाड़ी ने सावन माह में हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से गंगाजल लेकर अपनी पैदल यात्रा शुरू की थी। यात्रा के दौरान उन्होंने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान से होकर करीब 800 किलोमीटर का सफर तय किया।
अंशुल ने प्रतिदिन लगभग 45 से 50 किलोमीटर पैदल यात्रा की। रास्ते में आने वाले विभिन्न शिव मंदिरों में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक करते हुए वे भीलवाड़ा पहुंचे।
कम भोजन और कठोर नियमों का किया पालन
यात्रा के दौरान अंशुल ने कम भोजन के साथ कई कठोर नियमों का पालन किया। लगातार लंबी दूरी पैदल तय करने के बावजूद उनका संकल्प कमजोर नहीं पड़ा।
अंशुल का कहना है, “भोले बाबा की कृपा से ही यह यात्रा संभव हो पाई। हर कदम पर शिव का आशीर्वाद महसूस हुआ।”
उनकी इस यात्रा ने स्थानीय लोगों के बीच आस्था और उत्साह का माहौल बनाया है। समर्थकों का कहना है कि अंशुल की यात्रा दृढ़ संकल्प, मेहनत और भक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण है।
10 अगस्त को होगा भव्य स्वागत
हरिद्वार से गंगाजल लेकर गुरला पहुंचे अंशुल तिवाड़ी का 10 अगस्त, सोमवार को दोपहर 12:15 बजे गुरला बस स्टैंड पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद अंशुल द्वारा हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से भगवान शिव का महाभिषेक किया जाएगा। महाभिषेक पंडित दिनेश तिवाड़ी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न होगा।
स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु अंशुल की कावड़ यात्रा के स्वागत और शिव महाभिषेक कार्यक्रम को लेकर उत्साहित हैं।
