लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक) । उपखंड क्षेत्र के श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी का तप कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रबंध समिति के गजानंद बढ़जात्या और सह-कोषाध्यक्ष मनोज जैन ने बताया कि महावीर भगवान जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर हैं, जिनका जन्म 599 ईसा पूर्व बिहार के कुंडग्राम में हुआ था। उनका बचपन का नाम वर्धमान था। 30 वर्ष की आयु में उन्होंने संसार त्यागकर 12 वर्ष तक कठोर तपस्या की और 42 वर्ष की आयु में केवलज्ञान प्राप्त किया। 72 वर्ष की आयु में पावापुरी में उनका निर्वाण हुआ।
शास्त्री प्रिंस जैन देवांश के सानिध्य में मंगलाष्टक, नित्य अभिषेक, शांति धारा, मूलनायक शांतिधारा और पांडुशिला शांतिधारा संपन्न हुई। इसके बाद देव-शास्त्र-गुरु पूजा और चौबीसों तीर्थंकरों सहित भगवान महावीर की विशेष पूजा कर तप कल्याणक महोत्सव मनाया गया।
शाम 6:30 बजे दीपाराधना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
