लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 80 में पेयजल समस्या को लेकर पार्षद रेनू जितेंद्र चौधरी शुक्रवार सुबह 5 बजे ही फील्ड में पहुंच गईं। उनके साथ जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (जलदाय विभाग) की जेईएन और अधिकारी भी मौजूद रहे। अलसुबह पार्षद को अपने इलाके में गली-गली घूमते देख क्षेत्रवासी भी हैरान रह गए।
राजापार्क क्षेत्र के दयानंद नगर और झालाना डूंगरी इलाके में पार्षद ने घर-घर जाकर लोगों से पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कम प्रेशर से पानी आने, कुछ स्थानों पर पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने और नई पेयजल लाइन शुरू होने के बाद सामने आई शुरुआती समस्याओं को मौके पर देखा। क्षेत्रवासियों ने भी अलग-अलग गलियों में पानी की समस्या से पार्षद और विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया।
पार्षद रेनू जितेंद्र चौधरी ने अधिकारियों के साथ मौके पर ही समस्या वाले स्थानों को चिन्हित किया और पेयजल आपूर्ति में सुधार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नई पेयजल लाइन शुरू होने के बाद दयानंद नगर और झालाना डूंगरी के जिन इलाकों से पहले गंदे पानी की शिकायतें मिल रही थीं, वहां स्थिति में सुधार हुआ है। हालांकि कुछ घरों में पानी की उपलब्धता और प्रेशर को लेकर समस्याएं अभी सामने आ रही हैं, जिनके समाधान के लिए विभाग के साथ समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पानी हर परिवार की रोजमर्रा की सबसे जरूरी जरूरतों में शामिल है। इसलिए शिकायत मिलने का इंतजार करने के बजाय मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति समझना जरूरी है। उनका प्रयास है कि जिन स्थानों पर कम प्रेशर या पानी की समस्या है, उन्हें चिन्हित कर संबंधित विभाग के साथ मिलकर जल्द समाधान कराया जाए।
सुबह के समय निरीक्षण के दौरान पार्षद ने गली-गली घूमकर लोगों से सीधे संवाद किया और पानी आने का समय, प्रेशर तथा आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। क्षेत्रवासियों ने भी मौके पर अपनी समस्याएं बताईं। पार्षद ने कहा कि वार्ड का हर मोहल्ला और हर परिवार उनके लिए महत्वपूर्ण है और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी तरह की परेशानी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि पानी से जुड़ी समस्या होने पर संबंधित गली और स्थान की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि विभागीय अधिकारियों के साथ मिलकर समस्या का मौके पर समाधान कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान सहयोग के लिए क्षेत्रवासियों, स्थानीय कार्यकर्ताओं तथा जलदाय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का भी आभार जताया गया।