लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शासन सचिवालय में प्रार्थना सभा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, गांधीजी के प्रिय भजनों का किया श्रवण
जयपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को शासन सचिवालय पहुंचकर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर शासन सचिवालय में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना सभा में सहभागिता की और गांधीजी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’, ‘रघुपति राघव राजा राम’ तथा ‘राम धुन’ सहित अन्य भजनों का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचन्द बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, जयपुर महापौर सुनील कोठारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव तथा शासन सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।