लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाईमाधोपुर। जिले के मलारना डूंगर ब्लॉक में SIR कार्य में लगे बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने अपनी ड्यूटी OBC सर्वे में लगाए जाने का विरोध शुरू कर दिया है। सोमवार को सभी BLO ने OBC सर्वे के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर का बहिष्कार किया और उपखंड अधिकारी (SDM) कार्यालय पहुंचकर हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा।
BLO का कहना है कि वे वर्तमान में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के महत्वपूर्ण निर्वाचन कार्य में व्यस्त हैं, ऐसे में उन्हें अन्य कार्यों में लगाए जाने से निर्वाचन कार्य प्रभावित होगा।
गौरतलब है कि राजस्थान में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की पिछड़ेपन की स्थिति, प्रकृति और प्रभावों की जांच के लिए राजस्थान अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सिफारिश पर व्यापक सर्वे प्रस्तावित है। इसी क्रम में उपखंड अधिकारी संदीप कुमार बेरड़ ने जिला कलेक्टर के आदेशों का हवाला देते हुए 24 सितंबर को मलारना डूंगर ब्लॉक के सभी 83 BLO को OBC सर्वे के लिए प्रगणक के रूप में नियुक्त करने के आदेश जारी किए थे। इसी आदेश के तहत सोमवार को प्रशिक्षण आयोजित किया गया था।
बूथ लेवल अधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से OBC सर्वे कार्य से मुक्त करने की मांग की। BLO घनश्याम माली ने बताया कि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन द्वारा 25 सितंबर को आदेश जारी कर स्पष्ट किया गया था कि BLO को निर्वाचन कार्य के अलावा किसी अन्य कार्य में नहीं लगाया जाए। इसके बावजूद उन्हें OBC सर्वे में लगाया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है।
फिलहाल BLO की मांगों को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
