Home latest शीतला माता का लक्खी मेला, ठंडे पकवानों का लगेगा भोग

शीतला माता का लक्खी मेला, ठंडे पकवानों का लगेगा भोग

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

चाकसू में आज रात से भरेगा विशाल शीतला माता का लक्खी मेला

रिपोर्टर सत्यनारायण चादा

चाकसू । जयपुर  और  आसपास क्षेत्र के लोगों  की आस्था का प्रमुख केंद्र शीतला माता मंदिर में 11 मार्च को विशाल लक्खी मेले का आयोजन होगा। इस अवसर पर चाकसू सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचेंगे। मेले को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में तैयारी को अंतिम रूप दिया गया है शीतला सप्तमी के अवसर पर 10 मार्च को श्रद्धालु अपने घरों में “रांधा पुआ” बनाते हैं और अगले दिन ठंडे पकवानों का भोग माता को अर्पित करते हैं। परंपरा के अनुसार इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता और एक दिन पहले बनाए गए ठंडे भोजन का ही प्रसाद चढ़ाया जाता है।चाकसू की पहाड़ी पर स्थित शीतला माता मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 300 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। पहाड़ी की ऊंचाई पर स्थित यह मंदिर दूर-दूर तक श्रद्धा का केंद्र माना जाता है।

श्रद्धालु माता के जयकारों के साथ सीढ़ियां चढ़ते हुए मंदिर तक पहुंचते हैं और माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।स्थानीय मान्यता के अनुसार शीतला माता को रोगों से रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब क्षेत्र में गौवंश में लंपी बीमारी फैली थी, तब माता की विशेष पूजा-अर्चना और सपडावा लगाने के बाद गायों को इस बीमारी से राहत मिली। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में गौसेवक और ग्रामीण माता के दरबार में पहुंचकर गौमाता की रक्षा की प्रार्थना करते हैं।

इसके अलावा चेचक सहित कई बीमारियों से मुक्ति की कामना लेकर भी श्रद्धालु माता के दरबार में आते हैं। लोग बच्चों और परिजनों की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य के लिए माता के ठोक लगाते हैं और मन्नतें मांगते हैं।मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थाई दुकानों की भी व्यवस्था की गई है। यहां खाने-पीने की दुकानों के साथ खिलौने, श्रृंगार सामग्री और घरेलू सामान की दुकानें सजती हैं। बच्चों और युवाओं के लिए झूले, सर्कस, चकरी और मौत का कुआं जैसे मनोरंजन के साधन भी मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगे।हर साल की तरह इस बार भी मेले में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन और स्थानीय समिति की ओर से भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है और ग्रामीणों का मानना है कि शीतला माता के इस लक्खी मेले में शामिल होकर और माता के दर्शन करने से सभी कष्ट दूर होते हैं तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। इसी आस्था के साथ दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु मेले में पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

मेला व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version