लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित को चेक वितरित
कुचामनसिटी। नगरपरिषद परिसर में मंगलवार को शहरी सेवा शिविर-2025 का आयोजन किया गया। वार्ड नंबर 09 और 10 के लिए आयोजित इस शिविर में आमजन की कई समस्याओं का समाधान किया गया और विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में कुल मिलाकर कृषि भूमि नियमन की 05 पत्रावलियां, 69-ए की 02 पत्रावलियां, नामांतरण की 02 पत्रावलियां जमा की गईं। वहीं, नामांतरण के 02 प्रकरण, जन्म-मृत्यु के 16 प्रकरण, स्ट्रीट लाईट मरम्मत के 50 प्रकरण निस्तारित किए गए। इसके अलावा 02 सड़क मरम्मत और 02 नाली मरम्मत के प्रकरण भी निपटाए गए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाभान्वित को पचास हजार रुपये की किश्त जारी की गई। आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने बताया कि कृषि भूमि नियमन की 88 पत्रावलियां पूरी तरह तैयार की गई हैं और मांग पत्र जारी किए गए हैं। सूची समाचार-पत्र के माध्यम से भी प्रकाशित की जा रही है। शिविर के दौरान राशि जमा होने पर संबंधित पट्टे जारी किए जाएंगे।
शिविर में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भी आमजन को सेवाएं प्रदान की। इनमें जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में 01 आवेदन, अ.वि.वि.नि.लि. विभाग में 04 प्रकरण, महिला एवं बाल विकास विभाग के 159 प्रकरण, चिकित्सा विभाग के 25 प्रकरण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के 02 प्रकरण और खाद्य विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा के 22 प्रकरण दर्ज किए गए।
नगरपरिषद के सहायक प्रशासनिक अधिकारी महेश कुमार, शिविर प्रभारी सहायक अभियंता ललित कुमार, कनिष्ठ अभियंता जुगलकिशोर, वरिष्ठ प्रारूपकार सुरेन्द्र कुमार, कार्य मुस्वनि राजेन्द्र कुमार, वरिष्ठ सहायक कनवरलाल और अन्य कार्मिक शिविर में उपस्थित रहे।














































