लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
फतेहपुरिया चौपड़ पर सभी का हुआ रूहानी मिलन
हेमन्त साहू
ब्यावर,(हेमन्त साहू)। पैगंबर मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में ब्यावर शहर में ताजियों का मातमी जुलूस निकाला गया। पुलिस व प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बीते दिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों से सात ताजिये निकाले गए। फतेहपुरिया चौपड़ पर सभी का रूहानी मिलन हुआ तो पूरा क्षेत्र ढोल और ताशों की मातमी धुनों से गंज उठा। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए ताजिये कर्बला पहुंचे जहां उन्हें सैराब किया गया।
सभी ताजिये अपने निर्धारित मार्ग फतेहपुरियां चौपड़ से मंसूरी प्लाजा, पंडित मार्केट, लोहारान चौपड़, पाली बाजार, चांग गेट और सिटी सिनेमा, मील रोड होते हुए कर्बला में सैराब किए गए।
जुलूस के दौरान युवा ढोल और ताशे की थाप पर मातमी धुन बजाते चल रहे थे।
युवाओं द्वारा जुलूस के दौरान हैरतअंगेज करतब भी दिखाए और अखाड़े का भी प्रदर्शन किया गया। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोगों ने शिरकत की। जुलूस के दौरान विभिन्न संस्थाओं द्वारा पीने के पानी के साथ ही शरबत की भी व्यवस्था की गई थी। महिलाएं एवं पुरुष मन्नत पूरी हो इसके लिए ताजियों के नीचे से निकलते देखे गए।
