सीकर, लोसल l कस्बे के वार्ड नंबर 4 में आरपी पंसारी जनसेवा ट्रस्ट के द्वारा नवनिर्मित श्री विश्वनाथ महादेव मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। अखिल भारतीय सांगलिया धूणी के पीठाधीश्वर स्वामी ओम दास महाराज, धोद विधायक गोरधन वर्मा तथा ट्रस्ट के संस्थापक राजेंद्र प्रसाद पंसारी सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में शिवलिंग व मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से की गई । मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व संतो के सानिध्य में विशाल कलश यात्रा शिवलिंग व मूर्तियों सहित कस्बे के शेष भगवान मंदिर से शुरू हुई, जो नगर भ्रमण करते हुए गाजे बाजे के साथ विश्वनाथ महादेव मंदिर पहुंची, कलश यात्रा में श्री राम दरबार,महादेव सहित कई जीवंत झांकियां भी सजाई गई । इस दौरान कलश यात्रा में शामिल मंदिर का निर्माण करवाने वाले ट्रस्ट के संस्थापक राजेंद्र प्रसाद पंसारी का लोगों ने स्वागत किया एवं आभार जताया l मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के पश्चात प्रसाद वितरण एवं रुद्राभिषेक का आयोजन भी संपन्न हुआ l कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इससे पहले आयोजित हो रहे दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को मंदिर परिसर में देव मंडल रचना, हवन, महाआरती के बाद रात्रि को विशाल भजन संध्या का आयोजन भी हुआ,जिसमें आमंत्रित गायक कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को देर रात्रि तक कार्यक्रम से जोड़े रखा l