लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यालय में दो लाख रुपये की प्याऊ निर्माण के लिए हुए सम्मानित
झालावाड़ । जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 में स्थानीय विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यनारायण लोहार को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया गया।
समारोह में जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा तथा जिला शिक्षा अधिकारी हेमराज पारेता ने श्री लोहार को सम्मानित कर उनके समाजसेवी योगदान की सराहना की।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगधार के प्रधानाचार्य मनोहर दास बैरागी ने बताया कि सेवानिवृत्ति के अवसर पर सत्यनारायण लोहार ने विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दृष्टि से लगभग दो लाख रुपये की लागत से वाटर कूलर सहित एक आधुनिक प्याऊ का निर्माण करवाया। शिक्षा और सामाजिक सरोकार के प्रति उनकी इस प्रेरणादायक पहल को देखते हुए राजस्थान सरकार की भामाशाह योजना के तहत उनका जिला स्तर पर भामाशाह के रूप में चयन किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मनोहर दास बैरागी, प्रधानाचार्य प्रभु लाल मेहर, व्याख्याता ओम प्रकाश शर्मा, गोपाल लाल वर्मा, कालू सिंह, किरण जेवरिया, वरिष्ठ अध्यापक संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक दिलीप सिंह कुशवाहा, अध्यापक धर्मेश नीमा सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने लोहार को बधाई देते हुए उनके सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त की।
शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी को प्रोत्साहित करने वाली इस पहल को जिले में एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।