लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यार्थियों ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प
राजसमंद। जिला मुख्यालय स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को भव्य एवं रंगारंग अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आरएएस अधिकारी दीपेंद्र सिंह शेखावत ने की। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए बैज पहनाकर सम्मानित किया गया तथा नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बैंड की मधुर धुन, अतिथियों के तिलक एवं आरती से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद संस्था प्रधान फादर जॉनी मैथ्यू एवं मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया। दीप प्रज्ज्वलन और प्रार्थना नृत्य के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि ने हेड बॉय मयंक सामरा, हेड गर्ल अश्वती नायर, दल नायकों, अनुशासन प्रभारी एवं सभी कक्षा मॉनिटरों को बैज पहनाकर शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि परिवार, समाज और राष्ट्र को नुकसान पहुंचाने वाले कार्यों से हमेशा दूर रहना चाहिए।
इस अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जिला पुलिस अधीक्षक का वीडियो संदेश और नशे के दुष्प्रभाव पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसके बाद कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों और शिक्षकों को भारत को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
संस्था प्रधान फादर जॉनी मैथ्यू ने प्रेरक लघु कथा के माध्यम से विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया। समारोह में विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।