लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विश्व जनसंख्या दिवस पर मिला प्रोत्साहन पुरस्कार
चौमहला (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के डग ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौमहला को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिला स्तर पर सम्मानित किया गया है। विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित प्रोत्साहन पुरस्कार कार्यक्रम में सीएचसी चौमहला का चयन उत्कृष्ट संस्थानों में किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, झालावाड़ द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार सीएचसी चौमहला को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार कल्याण कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन तथा जनसंख्या स्थिरीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही। सीएचसी चौमहला की ओर से ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. राजकुमार बाघेला ने सम्मान ग्रहण किया।
इस उपलब्धि पर चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों और क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे टीमवर्क और सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम बताया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि यह सम्मान भविष्य में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरणा का काम करेगा।