लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद जिले के सीमाल गांव में आज उस समय अफरातफरी मच गई जब एक पैंथर आबादी क्षेत्र में घुसकर दो महिलाओं और दो पुरुषों पर हमला कर घायल कर दिया। हमले के बाद पैंथर पास के एक बाड़े में घायल अवस्था में पाया गया।
पैंथर का हमला
जानकारी के अनुसार, पैंथर ने गांव के पारी देवी, केसर देवी, मोहनलाल और देवीलाल पर हमला किया। हमले के दौरान पैंथर दौड़ते हुए हर लाल टेलर के बाड़े में घुस गया, जहाँ मवेशियों पर भी हमला करने लगा। बताया जा रहा है कि मवेशियों की भिड़ंत में पैंथर घायल हो गया।
घायल लोगों को उपचार के लिए आरके अस्पताल, राजसमंद ले जाया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। बिनोल वन नाका से सुरेश चंद्र खटीक और राजसमंद से रेस्क्यू टीम के सदस्य – वन्य जीव प्रेमी पन्नालाल कुमावत, घनश्याम पूर्बिया, वनरक्षक अटल सिंह, महेंद्र सिंह और शूटर सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने जाल डालकर पैंथर का सफल रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित कब्जे में लिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल पैंथर को उपचार हेतु उदयपुर बायोलॉजी पार्क ले जाया जाएगा। वहाँ चिकित्सकों द्वारा इसकी जांच की जाएगी और उपचार के बाद इसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
मौके पर भीड़
पैंथर को पकड़ने की सूचना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से संयम रखने की अपील की और राहत कार्य तेज़ी से किया।
