लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
एक माह का वेतन और 25 लाख रुपये भामाशाहों के सहयोग से देंगे सहायता के लिए
संवाददाता: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। बोराज तालाब की पाल टूटने से प्रभावित परिवारों के लिए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि वे अपना एक माह का वेतन पीड़ितों को सहायता के रूप में देंगे। इसके साथ ही भामाशाहों के सहयोग से 25 लाख रुपये अतिरिक्त राहत राशि के तौर पर प्रदान किए जाएंगे। यह सहायता सरकारी मुआवजे से अलग होगी।
देवनानी ने जिला प्रशासन से सर्वे रिपोर्ट के आधार पर राहत राशि वितरित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रशासन को राहत कार्य जारी रखने और अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं ताकि वर्षा के शेष दिनों में प्रभावित लोगों को समय पर मदद मिलती रहे।
राहत कार्यों को लेकर दिए निर्देश
विधानसभा अध्यक्ष ने स्वास्तिक नगर और आसपास चल रहे राहत अभियानों की जानकारी ली। उन्होंने जिला कलक्टर और अन्य अधिकारियों से कहा कि भोजन, दूध, रेस्क्यू सेंटर तथा अन्य जरूरी सहायता निरंतर उपलब्ध कराई जाए। क्षेत्र में जमा पहाड़ी मलबे को हटाने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निगम, एडीए सहित अन्य एजेंसियों को सक्रिय रखा जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बोराज तालाब को शीघ्र सिंचाई विभाग को हैंडओवर कर उसे पूरी तरह मजबूत बनाया जाए ताकि भविष्य में ऐसी आपदा से बचा जा सके।
विकास कार्यों के लिए विशेष बजट
देवनानी ने घोषणा की कि तालाब प्रभावित क्षेत्र में सड़कों, नालियों, नालों, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए विशेष बजट नगर निगम और एडीए से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मदद में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मौके पर राहत कार्य जारी
तालाब की पाल टूटने के कुछ घंटों बाद ही देवनानी ने क्षेत्र का दौरा कर लोगों से संवाद किया और मदद का भरोसा दिलाया। उनके निर्देशों पर 4 सितम्बर से एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने राहत कार्य शुरू कर दिया है। प्रतिदिन प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता मुहैया कराई जा रही है।