लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ऋषभ धूत को उपमुख्यमंत्री बैरवा ने किया सम्मानित
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
आरआईसी जयपुर में आयोजित ग्लोबल सोलर एक्सपो में राजस्थान के अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों और नवाचारकर्ताओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा थे। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आज न केवल ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि हरित भविष्य और सतत विकास का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने सौर ऊर्जा को नवाचार और स्टार्टअप्स के लिए प्रेरणादायक क्षेत्र बताया।
कार्यक्रम के दौरान भीलवाड़ा के सीएफएल हाउस को हाईएस्ट रेसिडेंशियल सोलर इंस्टॉलेशन के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। सीएफएल हाउस के डायरेक्टर ऋषभ धूत ने मंच पर सम्मान ग्रहण किया। इस अवसर पर राज्य मंत्री गौतम दक सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सीएफएल हाउस के डायरेक्टर गिरिराज धूत ने बताया कि संस्था लंबे समय से भीलवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। इस सम्मान को उन्होंने टीम की मेहनत और ग्राहकों के विश्वास का परिणाम बताया।
एक्सपो के विभिन्न सत्रों में नवीकरणीय ऊर्जा के आगामी दशक की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई। विशेषज्ञों, डेवलपर्स, वित्तीय संस्थानों और तकनीकी विशेषज्ञों ने सौर ऊर्जा निवेश, नीति सुधार, नई तकनीकों और ऊर्जा सुरक्षा पर अपने विचार साझा किए।
