Home latest सऊदी अरब में बालोतरा के युवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, विदेश...

सऊदी अरब में बालोतरा के युवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, विदेश मंत्री से हस्तक्षेप की अपील

0
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सऊदी अरब में बालोतरा के युवा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, 

गरीबी के चलते शव वापस लाने में परिजन असमर्थ

सरकार से लगाई परिजनों ने गुहार

बालोतरा/जोधपुर। सऊदी अरब में रोजगार के लिए गए राजस्थान के बालोतरा जिले के 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने का मामला सामने आया है। सोहड़ा (तहसील गिड़ा) स्थित मेघवालों की ढाणी निवासी रमेश कुमार मेघवाल पुत्र खम्माराम मेघवाल की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रमेश 11 अक्टूबर 2025 को बेहतर भविष्य की तलाश में सऊदी अरब गया था। वहां से परिवार से 13 नवंबर को आख़िरी बार बातचीत हुई, उसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। परिजनों को 17 नवंबर को मौत की सूचना मिली। अभी तक मृत्यु के कारण की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है, जिससे न तो वे शव को स्वदेश लाने का खर्च उठा सकते हैं और न ही विदेशी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पा रहे हैं।
मामले की सूचना मिलते ही क्षेत्र के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी  ने 20 नवंबर 2025 को विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की। इस संबंध में विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से फोन पर भी विस्तृत बातचीत की गई है।
भारत सरकार के व्यय पर रियाद स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से मृतक का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द स्वदेश लाने का आग्रह किया गया है।
परिजनों ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच और आर्थिक सहायता की मांग की है।
गांव में मातम का माहौल है। लोग ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version