Home latest पैतृक जमीन की रंजिश में चाचा-ताऊ पक्ष भिड़े, महिलाओं समेत 10 लोग...

पैतृक जमीन की रंजिश में चाचा-ताऊ पक्ष भिड़े, महिलाओं समेत 10 लोग घायल

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

कठूमर के दयालपुरा गांव में बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदला, सरियों से हमले का आरोप; चार गंभीर घायलों को किया रेफर

कठूमर (अलवर)। (संजीव बंसल) कठूमर उपखंड क्षेत्र के दयालपुरा गांव में पैतृक संपत्ति को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने बुधवार सुबह हिंसक रूप ले लिया। चाचा-ताऊ पक्ष के बीच मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद जमकर मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई भिड़ंत में महिलाओं सहित करीब 10 लोग घायल हो गए। गंभीर चोटों के चलते चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद

घायल नंदकिशोर सैनी ने बताया कि वह और उसका भाई ताराचंद नगर में परचून की दुकान पर काम करते हैं। मंगलवार शाम घर लौटने के बाद उन्होंने गोवर्धन पूजा के लिए मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी की थी। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने बाइक उठाकर दूसरी तरफ पटक दी, जिससे उसे नुकसान पहुंचा। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन त्योहार को देखते हुए ग्रामीणों ने समझाइश कर मामला शांत करा दिया।

शौच के लिए जाते समय सरियों से हमले का आरोप

नंदकिशोर के अनुसार बुधवार सुबह वह शौच के लिए जंगल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में सरियों और अन्य हथियारों से लैस होकर आए लोगों ने उस पर हमला कर दिया। जान बचाकर घर की तरफ भागने पर शोर सुनकर परिजन बचाव के लिए पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान ताराचंद (24), प्रियंका (18), शीला (41), पप्पी (45), मीना (52) और कमलेश (26) सहित कई लोग घायल हो गए।

चार घायलों को हायर सेंटर किया रेफर

सभी घायलों को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कठूमर पहुंचाया गया। चिकित्सा प्रभारी जवाहर सैनी ने बताया कि झगड़े में घायल नौ-दस लोग अस्पताल पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर चोटों के चलते ताराचंद, प्रियंका और शीला को बेहतर उपचार एवं जांच के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। वहीं दूसरे पक्ष के लालचंद (45) और दयाराम (50) सहित अन्य लोगों को भी चोटें आईं। परिजनों की मांग पर चिकित्सकों ने लालचंद को भी रेफर कर दिया।

परिवाद मिलने पर होगी कार्रवाई

थाना अधिकारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को परिवाद प्राप्त नहीं हुआ है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version