Home latest सकारात्मक सोच ही विकास का माध्यम: कार्यशाला में वक्ताओं ने रखे विचार

सकारात्मक सोच ही विकास का माध्यम: कार्यशाला में वक्ताओं ने रखे विचार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

योगेश ऋषिका

सीकर। श्री मदन लाल बियानी बालिका आदर्श विद्या मंदिर में विद्या भारती संस्थान, जयपुर के प्रचार विभाग की दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ माँ शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सीकर नगर विद्या मंदिर संकुल प्रमुख राकेश पारीक ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।

विद्या भारती जयपुर के सचिव लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने अपने प्रास्ताविक उद्बोधन में प्रचार विभाग की भूमिका, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्या भारती के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। उन्होंने वर्तमान समय में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि आदर्श विद्या मंदिर के लक्ष्यों को समाज तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

मुख्य वक्ता डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा कि विद्या भारती देश का सबसे बड़ा गैर-सरकारी शैक्षणिक संगठन है, जहां मूल्य आधारित एवं संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, सकारात्मक दृष्टिकोण और भारतीय परंपराओं के समन्वय से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास किया जाता है। साथ ही उन्होंने वर्तमान में फैल रहे नकारात्मक माहौल के बीच सकारात्मक सोच विकसित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दैनिक उद्योग आसपास के प्रधान संपादक पशुपति शर्मा ने मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया का कर्तव्य समाज के सामने सच्चाई प्रस्तुत करना है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए बताया कि सफलता के लिए सही मार्गदर्शन और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों पर अत्यधिक दबाव उन्हें गलत दिशा में ले जा सकता है, इसलिए उन्हें राष्ट्रभक्ति और स्वावलंबन की शिक्षा देना जरूरी है।

विद्यालय के अध्यक्ष राधाकिशन चोबदार ने कहा कि विद्या मंदिर का उद्देश्य ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है जो राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो और समाज के कमजोर वर्गों की सेवा के लिए तत्पर रहे।

कार्यशाला में जयपुर प्रांत के 49 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन मातादीन मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय व्यवस्थापक जय सिंह धाभाई, कोषाध्यक्ष सुखसागर शर्मा सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version